
कोशीथल 26 जुलाई, (राधेश्याम वैष्णव)निजी विद्यालयों से प्रतिस्पर्धा करते हुए राजकीय विद्यालयों के नामांकन में वृद्धि करें एवं नामांकन वृद्धि के साथ साथ उनकी गुणवत्ता में भी सुधार करें तभी प्रवेश उत्सव अभियान का द्वितीय चरण सफल होगा। उक्त निर्देश रमसा के जिला परियोजना समन्वयक प्रहलाद पारीक ने राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय कोशीथल में आकस्मिक निरीक्षण के दौरान उपस्थित शिक्षक शिक्षिकाओं को दिए। अतिरिक्त जिला परियोजना समन्वयक योगेश पारीक ने कक्षावार नामांकन की जानकारी ली व नामांकन बढाने के निर्देश दिए। पौधरोपण, निशुल्क पाठ्य पुस्तकें, अन्नपूर्णा दूध योजना, मिड डे मील, विद्यालय भवन मरम्मत, खेल मैदान आदि की विस्तार से जानकारी ली। प्राध्यापक फारुख बेग मिर्जा व अध्यापक बद्रीलाल लोहार ने समस्त जानकारी अतिरिक्त जिला परियोजना समन्वयक पारीक को दी। योगेश पारीक ने कक्षा 10 का 12:50 बजे आकस्मिक निरीक्षण किया एवं शिक्षा की गुणवत्ता परखी। वरिष्ठ अध्यापक रमेशचंद वैष्णव उस दौरान संस्कृत विषय का अध्यापन करवा रहे थे। छात्रों से एडीपीसी योगेश पारीक ने विषय से संबंधित प्रश्न पूछे जिनका बच्चों ने संतोष पूर्वक उत्तर दिया। इसी तरह राबामावि,कोशीथल का भी अधिकारियों ने आकस्मिक निरीक्षण किया।