बोराणा में गवरी नृत्य में उमड़ रहे
रायपुर( रामनिवास सेन)तहसील क्षेत्र के बोराणा ग्राम पंचायत मुख्यालय स्थित बस स्टैंड पर समस्त बोराणा ग्रामवासियों द्वारा गवरी नृत्य का आयोजन शुक्रवार की रात्रि 9:00 बजे रखा गया। जिसमें भील जाति के कलाकारों द्वारा आकर्षक प्रस्तुतियां देकर उपस्थित हजारों दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। कार्यक्रमों की प्रस्तुति के दौरान समस्त दर्शकों ने इन कलाकारों का तालियों की गड़गड़ाहट एवं भारत माता के जयकारे लगाकर उत्साहवर्धन किया। ।चित्तौड़ का किला, हटिया घास भैरू सहित अनेक आकर्षक लोक देवी देवताओं पर आधारित कार्यक्रम प्रस्तुत किए गए जिसे देख कर आम लोगों में लोक देवी देवताओं के प्रति श्रद्धा का भाव जागृत हुआ। चित्तौड़ के किले का कार्यक्रम देख कर देश के प्रति देशभक्ति की भावना जागृत हुई। समाजसेवी कुलदीप त्रिवेदी ने बताया कि इन कलाकारों को संबल प्रदान करने के लिए ग्रामवासियों द्वारा आर्थिक सहयोग प्रदान किया गया। इस कार्यक्रम में कलाल खेड़ी, जीती, गुर्जर खेड़ा, कुमावत खेड़ा, रायपुर सहित अन्य ग्रामों के महिला पुरुष एवं बच्चों ने हजारों की संख्या में भाग लिया।