रायपुर बस स्टेण्ड पर आये दिन लगने वाले जाम से आमजन परेशान
रायपुर 17 अक्टूबर, (राधेश्याम वैष्णव)उपखंड मुख्यालय से गुजरने वाले स्टेट हाईवे 76 पर कस्बे के खेल मैदान से लेकर रामद्वारा चौक तक आए दिन बड़े-बड़े पत्थरों से लदे भारी वाहनों के निकलने से आधे घंटे से अधिक समय तक जाम लगा रहता है। कस्बे वासियों ने बताया कि इस समस्या के समाधान के लिए कई बार क्षेत्रीय विधायक सहित अन्य जनप्रतिनिधियों को इस समस्या से अवगत कराया था लेकिन जनप्रतिनिधियों ने यह कहकर पल्ला झाड़ दिया कि बाईपास के निर्माण के लिए 4 करोड़ साठलाख रुपये स्वीकृत कर दिए गए हैं लेकिन धरातल पर आज भी बाईपास नहीं है। आमजन इस समस्या से जूझ रहा है लेकिन किसी भी जनप्रतिनिधि को इस समस्या से कोई सरोकार नहीं है। भीषण गर्मी में 5 मिनट जहां खड़ा रहना भी मुश्किल है वहां 30 मिनट से 40 मिनट तक भीषणतम धूप में जाम लगना काफी कष्टदायक है। समय रहते इस ओर सार्थक प्रयास नहीं किए गए तो आने वाले समय में कस्बेवासी आंदोलन को मजबूर होंगे ।