भारत गैस द्वारा रसोई गैस उपभोक्ताओं की सुरक्षा के लिये अनिवार्य सुरक्षा जांच अभियान शुरू
रायपुर 18 दिसंबर, (राधेश्याम वैष्णव)भारत पेट्रोलियम कार्पोरेशन लिमिटेड ने रसोई गैस उपभोक्ताओं की सुरक्षा के लिए अनिवार्य सुरक्षा जांच अभियान शुरु किया है। इससे घरेलू गैस से होने वाली विभिन्न दुर्घटनाओं से बचाव होगा तथा गृहिणीयों को सुरक्षा उपायों की जानकारी घर बेठे मिलेगी। यह सुरक्षा अभियान नियमित चलेगा। भारत गैस एजेंसी रायपुर के प्रबंधक राजेंद्र त्रिवेदी ने बताया कि अनिवार्य जांच सुरक्षा अभियान के अंतर्गत प्रशिक्षित जांच दल घर-घर जाकर रसोई गैस कनेक्शन की जांच कर रेगुलेटर चूल्हा और सिलेंडर के बीच की दूरी व ऊंचाई की जांच कर सही स्थिति बताएंगे। महिलाओं को गैस इस्तेमाल करते वक्त अपनाए जाने वाली विशेष सावधानियां तथा दुर्घटना होने पर की जाने वाली प्राथमिक क्रियाओं की जानकारी देंगे। त्रिवेदी ने बताया कि अनिवार्य सुरक्षा जाँच के अंतर्गत 177रुपये शुल्क निर्धारित किया गया है। भारत गैस एजेंसी के सहायक मैनेजर कुलदीप पाराशर ने बताया कि यह एक जरुरी जांच है जिसमें उपभोक्ताओं की सुरक्षा के साथ रसोई गैस कनेक्शन की वजह से होने वाली दुर्घटनाओं की स्थिति में बीमा राशि मिलने में मदद मिलती है । साथ ही रसोई गैस उपभोक्ताओं के साथ हो रहे हादसों को भी टाला जा सकेगा। बीपीसीएल के नियमानुसार प्रति 2 वर्ष में जाँच करना अत्यंत जरुरी है। जांच के दौरान कनेक्शन रेगुलेटर गारंटी पीरियड में होने पर उसे निःशुल्क बदला जाएगा।