जैविक उर्वरकों का प्रयोग कर कृषक रसायन मुक्त अधिक उत्पादन ले सकते हैं--हिम्मत सिंह
रायपुर 12 फरवरी,(राधेश्याम वैष्णव) क्षेत्र के कोशीथल ग्राम स्थित राजकीय बालिका उच्च प्राथमिक विद्यालय परिसर में कृषि विभाग द्वारा एक दिवसीय परंपरागत कृषि विकास प्रशिक्षण आयोजित किया गया। सहायक कृषि अधिकारी हिम्मतसिंह बड़वा ने कृषकों को जैविक उर्वरकों का प्रयोग कर अधिक उत्पादन लेने के बारे में बताते हुए रासायनिक उर्वरक, यूरिया, डीएपी व पेस्टीसाइड का उपयोग नहीं करके जैविक उत्पादन लेने के बारे में विस्तार से बताया।कृषि पर्यवेक्षक उम्मेदपुरा अनीता जीनगर ने जैविक खेती के लिए वर्मी बेड,जैविक बाड़, जैविक खाद बनाने पर सरकार द्वारा दिए जा रहे अनुदान के बारे में बताया। कृषि पर्यवेक्षक नान्दशा रतनलाल शर्मा ने प्रशिक्षण में राज्य सरकार द्वारा चलाई जा रही कृषकों के कल्याण की योजनाओं की जानकारी दी। प्रशिक्षण में कोशीथल, उम्मेदपुरा, डेलाणा के सैंकड़ों कृषकों ने भाग लिया। प्रशिक्षण के दौरान नान्दशा कृषि पर्यवेक्षक रतनलाल शर्मा, डेलाणा कृषि पर्यवेक्षक जगदीशचंद्र गर्ग, कोशीथल कृषि पर्यवेक्षक प्रियंका भादरु सहित विभागीय प्रतिनिधि व कृषक उपस्थित थे।प्रशिक्षण का शुभारंभ पूर्व सरपंच बलवंतसिंह चुंडावत के मुख्य आतिथ्य एवं समाजसेवी गोवर्धनलाल जाट की अध्यक्षता में हुआ।