"झिणी-झिणी उड़े रे गुलाल"की धुन पर नाचते ,गुलाल से होली खेल पानी बचाने का संदेश देते हुए मनाया त्योहार
रायपुर 28 मार्च,(राधेश्याम वैष्णव) कस्बे सहित तहसील क्षेत्र के अनेक गांवों में आज अष्टमी को लेकर रंगोली का त्यौहार मनाया गया। प्रातः 9:00 बजे से ही लोग अपने-अपने घरों से गुलाल और रंग लेकर होली खेलने के लिए निकल पड़े। सूरजपुर के युवा तो अपनी अलग - सी पहचान बनाते हुए टैक्टर में सवार होकर होली के गीतों के साथ नृत्य करते हुए रायपुर कस्बे में पहुंचे और जगह जगह चौराहों एवं प्रमुख स्थानों पर डीजे की मधुर धुन पर होली खेली। महिलाओं ने भी इस बार जमकर होली खेली। कस्बे के कई मोहल्लों में डीजे लगाकर भांग का प्रसाद लेते हुए नाचते - गाते होली खेली। क्षेत्र में जिला कलेक्टर द्वारा सप्तमी का अवकाश होने से आज समस्त सरकारी कार्यालय व शिक्षण संस्थान खुले हुए थे जिससे समस्त कर्मचारियों को भी कार्यस्थल पर रंगोली खिलाई गई। क्षेत्र में भीषण पेयजल संकट को ध्यान में रखते हुए भारत विकास परिषद के नेतृत्व में प्रबुद्ध जनों ने गुलाल से होली खेल पानी बचाने का संदेश दिया। इससे पूर्व महिलाओं ने ठंडे भोजन का भोग लगा शीतला अष्टमी पर प्रातःशीतला माता की पूजा अर्चना नवीन परिधान पहन कर की । होली खेलते हुए महिला, पुरुष, बच्चे एक दूसरे के घरों में स्नेह भाव के साथ पहुंचे और भारतीय संस्कृति की परंपरा अनुसार ठंडे व्यंजनों एवं दही चावल से निर्मित ओलिया का आनंद लिया।