10 दिवसीय आवासीय जैन संस्कार शिविर का 27 मई सोमवार को होगा समापन, अव्वल प्रतिभाओं का होगा सम्मान
रायपुर 26 मई,(राधेश्याम वैष्णव) कस्बे के गंगापुर मार्ग स्थित हस्ती गुरु पावन धाम के सभागार में "10 दिवसीय आवासीय जैन संस्कार शिविर" के 9वें दिन बच्चों को हिंसा नहीं करना, झूठ नहीं बोलना, चोरी नहीं करना, कुशील का सेवन नहीं करना, ममत्व-भाव कम करना, गुस्सा नहीं करना, अभिमानी नहीं बनना, कपट नहीं करना, लालची नहीं बनना, लड़ाई झगड़ा नहीं करना, धर्म के काज में रूचि रखना, किसी की चुगली नहीं करना, झूठे काम में नहीं लगना इत्यादि शिक्षाप्रद बातें सीखाई गई। शिक्षाप्रद बातों से जीवन सुंदर नंदनवन बन जाता है। इस आवासीय शिविर में भीलवाडा जिले सहित राजस्थान,मध्यप्रदेश,गुजरात,महाराष्ट्र इत्यादि अनेक जगह से 125 जैन बालक-बालिका उत्साह से भाग ले रहे हैं। शिविर के सुचारु संचालन में दलेलसिंह बोल्या, रोशनलाल माण्डोत,प्रभुलाल मांडोत, श्रवण कोठारी,चेतन सुखलेचा, पुलकित माण्डोत, मनन गांधी,पूनम माण्डोत आदि का सक्रिय सहयोग मिल रहा है। मुख्य सहयोग अमृत-गोटूलाल माण्डोत एवं ध्रुव-महावीर गोखरु का मिल रहा है । इस आवासीय शिविर में प्रातः 5:30 बजे से रात्रि 9.30 बजे तक अलग-अलग कक्षाओं का दिनचर्या के अनुसार संचालन किया जा रहा है। योगासन के साथ दिन का प्रारंभ व धर्म चर्चा के साथ दिन का समापन हो रहा है। विशेष रुप से शिविर के माध्यम से बच्चों ने इस भीषणतम गर्मी में भी बिना ए. सी., कूलर, पंखे के धर्म आराधना अति उत्साह से कर रहे हैं। शिविर में बच्चों ने भोजन के बाद स्वयं के झूठे बर्तन पानी से साफ नहीं करके मिट्टी के बुरादे से कर आम जन को पानी बचाने का संदेश दे रहे हैं। प्रतिदिन प्रातःकाल और सायं काल के भोजन में बिल्कुल झूठा नहीं छोड़कर झूठा नहीं छोड़ने का संदेश दे रहे हैं। प्रतिदिन की दिनचर्या में बच्चे कच्चे पानी का उपयोग नहीं कर के पक्के पानी का (धोवण) का उपयोग कर रहे हैं। इस 10 दिवसीय आवासीय शिविर का समापन सोमवार दिनांक 27 मई, 2019 को प्रातः 11:00 बजे होगा । शिविर की 10 दिवसीय गतिविधियों में अव्वल प्रदर्शनी करने वाली प्रतिभाओं का सम्मान समापन अवसर पर किया जाएगा।