"योगः कर्मसु कौशलं"योग जीवन जीने की कला है--सैनी
रायपुर 22 मई, (राधेश्याम वैष्णव)योग को जीवन में अपनाने से साधारण व्याधियों से लेकर असाध्य रोग भी मिट जाते हैं। योग जीवन जीने की कला है। आज की भाग- दौड़ की जीवन शैली में योग की महती आवश्यकता है। उक्त विचार भारत स्वाभिमान न्यास राजस्थान पश्चिम के सह राज्य प्रभारी मदनमोहन सैनी ने कस्बे के राजकीय महाराणा उच्च माध्यमिक विद्यालय के प्रांगण में पतंजलि योग समिति रायपुर द्वारा आयोजित तीन दिवसीय निःशुल्क योग शिविर के समापन अवसर पर मुख्य अतिथि पद से व्यक्त किए। सैनी ने कहा कि आगामी तीन माह के भीतर अन्तर्राष्ट्रीय योग गुरु बाबा रामदे़व भीलवाड़ा की धरती पर आने वाले हैं अतः तन-मन से योग का अभ्यास करते हुए ग्राम -ढाणी तक योग साधकों की संख्या में तीव्र वृद्धि करें। जिला योग प्रचारक भंवरलाल शर्मा,जिला योग प्रभारी भीमाराम, महिला जिला योग प्रभारी शारदा वर्मा,योगाचार्या नीतु यादव ने भी योग पर प्रकाश डाला। इससे पूर्व मदनमोहन ने खड़े होकर-बैठ कर-लेट कर करने वाले नियमित योगासनों का भक्ति गीतों के साथ अभ्यास कराया। जलनेति व अनुलोम-प्रतिलोम का साधनों द्वारा अभ्यास करवा कर उनका आत्मविश्वास बढाया। सभी अतिथियों का स्वागत साफा बंधन व शाल ओढा कर शिविर प्रभारी रामेश्वर लाल छीपा, धर्मेंद्र वर्मा,रमेशचंद्र वैष्णव,सुभाष- सुनीता झंवर ने किया। समापन के तुरंत बाद पतंजलि तहसील योग सेवा समिति गठित की गई जिसमें संरक्षक रामगोपाल दाधीच, तहसील प्रभारी धर्मैंद्र वर्मा,सुभाष झंवर, सचिव गौरवसिंह तंवर, बसन्त कुमार सुखलेचा,सह सचिव प्रवेंद्र दीक्षित, कोषाध्यक्ष दिनेशचंद्र शर्मा, महिला प्रभारी रेखा टांक,सुनीता झंवर,पतंजलि किसान सेवा समिति भूपेंद्र छीपा, युवा भारत मुकेश नाथ, लीगल सेल ऐडवोकेट हरीश टेलर,योग संदेश राधेश्याम वैष्णव, विस्तारक दिनेश सैन, मिडिया प्रभारी रमेशचंद्र वैष्णव को सर्व सम्मति से बनाया गया। राज्य सह प्रभारी मदन मोहन ने नवीन कार्यकारिणी के समस्त पदाधिकारियों व बहनों को कर्तव्य निष्ठा की शपथ दिलाई।