

रायपुर 15 जून,(राधेश्याम वैष्णव)कस्बे सहित तहसील क्षेत्र में पांचवा अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस 21 जून को लेकर आयुष मंत्रालय भारत सरकार, भारत विकास परिषद, इंटरनेशनल नेचुरोपैथी आर्गेनाईजेशन, पतंजलि योग समिति के संयुक्त तत्वावधान में सात दिवसीय योग शिविर का शुभारंभ भारत विकास परिषद के संरक्षक सुभाष झंवर की अध्यक्षता व रायपुर ग्राम पंचायत की पूर्व सरपंच पुष्पा सुखलेचा के मुख्य आतिथ्य में प्रातः 5:15 बजे राजकीय महाराणा उच्च माध्यमिक विद्यालय के प्रांगण में प्रारंभ हुआ। उपखंड स्तरीय पांचवा अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के संयोजक रमेशचंद्र वैष्णव ने बताया कि सात दिवसीय निःशुल्क योग प्रशिक्षण शिविर में आयुष मंत्रालय भारत सरकार की योगाचार्या नीतू यादव प्रशिक्षण दे रही हैं। आज के प्रशिक्षण में यादव ने योगाभ्यास के क्रम में बताया कि नियमित योग करने से हमेशा स्वस्थ रहते हैं। कार्य करने की क्षमता बढ़ती है अतः हम सबको मिलकर नियमित योग करना चाहिए व योग से आम लोगों को जोड़ना चाहिए। योग शिविर में चेतन सुखलेचा, सुरेश डांगी, राजू सेन, परमेन्द्र दीक्षित सहित महिला पुरुष उपस्थित थे। इंटरनेशनल नेचुरोपैथी आर्गेनाईजेशन के जिला संयोजक लीलाधर लड्ढा ने बताया कि रायपुर ब्लॉक में 15 जून से लेकर 21 जून तक रायपुर तहसील क्षेत्र के पांच स्थानों पर निःशुल्क योग प्रशिक्षण शिविरों का आयोजन किया जा रहा है जिसमें वी.टी. कॉलेज रायपुर में विशाल भट्ट,अमन वैष्णव, बोराणा में लीलाधर, नांदशा में रामचंद्र सालवी, उम्मेदपुरा में सुरेंद्र कुमार वैष्णव निःशुल्क योग प्रशिक्षण शिविर का संचालन कर रहे हैं।