योग का आरंभ स्थान भारत ही है अतः हमें योग दिवस को पूरे मन से सफल बनाना है-एसडीएम चारण
रायपुर 19 जून, (राधेश्याम वैष्णव)विश्व योग दिवस 21जून पर आम-जन के साथ-साथ समस्त विभागों के अधिकारियों कर्मचारियों को अनिवार्य रुप से भाग लेना है। योग का आरंभ स्थान भारत ही है अतः हमें पूरे मन से योग दिवस को सफल बनाना है एवं इसे जीवन में अपनाना है। उक्त निर्देश उपखंड अधिकारी गोविंदसिंह चारण ने बुधवार को उपखंड कार्यालय के सभागार में अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस को लेकर उपखंड स्तरीय बैठक में उपस्थित विभागीय अधिकारियों को दिए। उपखंड अधिकारी चारण ने समस्त विभागीय अधिकारियों से कहा कि 20 जून को प्रातः 6:15 बजे विश्व योग दिवस के वातावरण निर्माण के लिए आयोजित की जा रही योग रैली में अनिवार्यतः भाग लेकर आम जन को भी इस योग दिवस के महत्व से अवगत कराना है। बैठक में आयुष मंत्रालय की योगाचार्य नीतू यादव ने योग के महत्व पर प्रकाश डालते हुए योग दिवस की दिनचर्या बताइ। भारत विकास परिषद के सचिव रमेशचंद्र वैष्णव ने पिछले वर्षों में आयोजित हुए योग दिवसों की सफलता की कहानी कहते हुए आम जन की भागीदारी पर बल दिया। बैठक में राजस्व विभाग से तहसीलदार मनोहरलाल कुमावत, शिक्षा विभाग से अतिरिक्त मुख्य ब्लॉक शिक्षा अधिकारी प्रभुदयाल योगी, विकास अधिकारी संदेश पाराशर, अजमेर विद्युत वितरण निगम लिमिटेड के सहायक अभियंता संजीव शर्मा, आयुर्वेद विभाग के डॉ. महेशचंद्र गुप्ता, महिला एवं बाल विकास विभाग की चंदा व्यास, इंटरनेशनल नेचुरोपैथी आर्गेनाईजेशन (सूर्या फाउंडेशन) के चेतन सकलेचा, ब्लॉक मुख्य चिकित्सा अधिकारी डा. ललित सालावत, राजकीय महाराणा उच्च माध्यमिक विद्यालय के पुस्तकालयाध्यक्ष नारायण लाल शर्मा, कृषि विभाग के सुपरवाइजर शांतिलाल कुमावत सहित विभागीय अधिकारी उपस्थित थे। उपखंड स्तरीय योग दिवस समारोह राजकीय महाराणा उच्च माध्यमिक विद्यालय के प्रांगण में 21 जून शुक्रवार को प्रातः 6:30 बजे से आरंभ होगा।