अतिक्रमण हटाने वाले खुद अतिक्रमण की चपेट में
रायपुर 28 जुलाई, (राधेश्याम वैष्णव)उपखंड मुख्यालय का एकमात्र पुलिस थाना आज अतिक्रमण की चपेट में आकर अतिक्रमण को हटाने के लिए स्वयं आंसू बहा रहा है। पिछले 4 वर्ष से पुलिस थाने के बाहर एक पुरानी बस पड़ी हुई है जिससे बस स्टैंड परिसर व पुलिस थाना बाधित हो रहा है। क्षेत्र के समस्त पक्ष व विपक्ष के जनप्रतिनिधियों ने इस बस को हटाने के लिए एड़ी से चोटी का जोर लगा दिया है, समस्त आला अधिकारियों को अवगत करा दिया गया है लेकिन इस बस व अन्य अतिक्रमण को हटाने में आज तक सफलता नहीं मिली है जिससे जनप्रतिनिधियों की साख भी दाव पर लगी हुई है । हर माह होने वाली सीएलजी की बैठक व अन्य ब्लॉक स्तरीय अधिकारियों की बैठक में पुलिस थाने के बाहर हो रहे अतिक्रमण को हटाने के लिए मांग उठी लेकिन आज तक पूरी नहीं हुई एवं अतिक्रमण जस का तस है। समय रहते यह अतिक्रमण नहीं हटा तो आम लोगों का विश्वास आला अधिकारियों व जनप्रतिनिधियों से हट जाएगा।