स्वच्छता से स्वस्थता आती है-यादव
गंगापुर 9 अगस्त,(राधेश्याम वैष्णव) स्वच्छता रखना हम सब का नैतिक धर्म है स्वच्छता से स्वस्थता आती है। जल बचत आज की महत्वपूर्ण आवश्यकता है हमें वर्षा जल को बचाना है। विद्यालय में नामांकन में वृद्धि करना है। बेटियों को शिक्षा में आगे बढ़ाना है। प्रत्येक 18 वर्ष के युवक- युवतियों को वोटर लिस्ट में अपना नाम जुड़वाते हुए वोटर आई डी बनाकर मताधिकार का प्रयोग करना है सहित अनेक सामाजिक सरोकार से जुड़े कार्यों पर नेहरु युवा केंद्र भीलवाड़ा के जिला समन्वयक राजपालसिंह यादव ने राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय,कोशीथल में नेहरु युवा केंद्र द्वारा 1अगस्त से 15अगस्त तक चल रहे स्वच्छता पखवाड़े में स्वच्छता, नामांकन,जल शक्ति अभियान,वोटर लिस्ट में नाम जुड़वाना,वोटर आई डी बनाने, बेटी बचाओ-बेटी पढाओ,वित्तीय साक्षरता आदि पर आयोजित कार्यक्रम के मुख्य अतिथि पद से व्यक्त किए। कार्यक्रम की अध्यक्षता स्थानीय विद्यालय के प्रधानाचार्य फारुखबैग मिर्जा ने की। कार्यक्रम में डा. दीपक मेहता ने मोसमी बीमारियों से होने वाले रोग एवं उनके उपचार व एल्बेंडाजोल के फायदे बताए। आयुर्वेद चिकित्सा वी के गोतम, प्राध्यापक भेरुलाल बलाई, वरिष्ठ अध्यापक लक्ष्मण सिंह शेखावत सहित सैंकड़ों छात्र-छात्राएं उपस्थित थे। कार्यक्रम का शुभारंभ अतिथियों द्वारा सरस्वती माता के माल्यार्पण व दीप प्रज्ज्वलन से हुआ। प्रधानाचार्य फारुख बैग मिर्जा ने स्वागत उद्बोधन प्रदान किया। वरिष्ठ अध्यापक रमेशचंद्र वैष्णव ने समस्त अतिथियों का माल्यार्पण द्वारा स्वागत अभिनंदन किया। नेहरु युवा केंद्र की स्वयं सेविका परवीन निशा छिपा ने नेहरु युवा केंद्र द्वारा स्वच्छता पखवाड़े के तहत की जा रही गतिविधि से सबको अवगत कराया। अंत में सब को स्वच्छता की शपथ दिलाई।